Home » ગુજરાત » पति ने गूगल पर सर्च किया- ‘अगर पत्नी आत्महत्या कर ले तो क्या पति जिम्मेदार?’; फिर कर दी प्रेग्नेंट वाइफ की हत्या

पति ने गूगल पर सर्च किया- ‘अगर पत्नी आत्महत्या कर ले तो क्या पति जिम्मेदार?’; फिर कर दी प्रेग्नेंट वाइफ की हत्या

गुजरात के खेड़ा जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को तार-तार कर दिया है। महुधा तालुका के कपरापुर गांव में एक 13 हफ्ते की गर्भवती महिला की मौत को पहले खुदकुशी का रंग देने की कोशिश की गई, लेकिन जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आई तो पुलिस के भी होश उड़ गए। यह आत्महत्या नहीं, बल्कि एक मां और उसकी कोख में पल रहे अजन्मे बच्चे का बेरहमी से किया गया कत्ल था।

​पति ने अपनी मां, भाभी और भाई के साथ मिलकर पहले गर्भवती पत्नी को जबरन नैनो यूरिया पिलाया। इसके बाद मुंह में कपड़ा ठूंसा और दम घुटने के बाद शव को खिड़की से लटका दिया ताकि यह खुदकुशी लगे।

ये है पूरा मामला

17 अक्टूबर की सुबह महुधा पुलिस को सूचना मिली कि अरुणाबेन सोढ़ा नाम की महिला ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी है। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मायके वालों ने पहले ही पल हत्या का शक जताया। जांच में सामने आया कि घटना की रात 13 हफ्ते की गर्भवती अरुणाबेन के पेट में तेज दर्द हो रहा था। उन्होंने पति मितुल से डॉक्टर के पास ले जाने की मिन्नतें कीं। मगर मितुल अपनी पत्नी को अस्पताल ले जाने के बजाय फोन में व्यस्त रहा। अरुणाबेन का गुस्सा इसलिए भी भड़क गया क्योंकि मितुल तीन-चार दिन पहले अपनी भाभी को तो बैंक के काम से ले गया था, लेकिन बीमार गर्भवती पत्नी को अस्पताल ले जाने में आनाकानी कर रहा था। दोनों के बीच पहले से ही शक और तकरार की दीवार खड़ी थी। पति को पत्नी के चरित्र पर शक था, तो पत्नी को पति के अवैध संबंधों पर।

कातिल पति का गूगल सर्च आया सामने

विवाद के दौरान जब अरुणाबेन ने तंग आकर कह दिया कि ‘मैं मर जाऊंगी’, तो पति मितुल के दिमाग में शैतानी साजिश ने जन्म लिया। मितुल ने तुरंत गूगल पर सर्च किया कि “अगर पत्नी आत्महत्या कर ले, तो क्या पति जिम्मेदार होता है?” कानूनी पचड़े से बचने का नुस्खा तलाशने के बाद उसने पूरे परिवार के साथ मिलकर अरुणाबेन को ठिकाने लगाने का खौफनाक प्लान बनाया। घर में पड़ी 500 मिलीलीटर की नैनो यूरिया की थैली निकाली गई।

पुलिस ने पति और देवर को गिरफ्तार किया।

Image Source : REPORTER INPUTपुलिस ने पति और देवर को गिरफ्तार किया।

सास और जेठानी ने अरुणाबेन के हाथ-पैर जकड़

सास और जेठानी ने असहाय गर्भवती अरुणाबेन के हाथ-पैर जकड़ लिए। मितुल ने सोफे पर पटककर जबरन पूरी यूरिया उसके हलक में उड़ेल दी। अरुणाबेन चीख न सकें और बच न पाएं, इसलिए उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। मात्र 15 से 20 मिनट के भीतर अरुणाबेन और उनके गर्भ में पल रहे मासूम ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

नायलॉन की रस्सी से खिड़की पर लटका दिया शव

कत्ल के बाद पूरे परिवार ने रातभर बैठकर साजिश को अमलीजामा पहनाया। अरुणाबेन की मौत के बाद मितुल ने अपने भाई विपुल के साथ मिलकर शव को नायलॉन की रस्सी से खिड़की पर लटका दिया। कातिल पति को लगा था कि खिड़की पर फंदे से लटकती लाश देखकर पुलिस इसे सीधे सुसाइड मान लेगी। लेकिन शातिर पति यह भूल गया कि विज्ञान और कानून की नजरों से बचना नामुमकिन है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पोल

पैनल डॉक्टरों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने साफ कर दिया कि अरुणाबेन के गले पर फंदे के निशान मौत के बाद के हैं और शरीर में घातक केमिकल (यूरिया) मौजूद था। यूरिया ने पेट में जाकर अमोनिया गैस बनाई, जिससे सांस की नली और अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।

साइबर सेल, टेक्निकल सर्विलांस और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के पुख्ता सबूतों के आधार पर महुधा पुलिस ने कातिल पति मितुल सोढ़ा और उसके भाई विपुल को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने मौके से नायलॉन की रस्सी, मोबाइल और ब्लेड बरामद कर ली है। हालांकि, इस दोहरे हत्याकांड में शामिल सास और जेठानी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। खुद को बेहद चालाक समझने वाले इस कातिल पति का हर झूठ बेनकाब हो चुका है और अब अदालत में उसे अपनी दोहरी दरिंदगी का हिसाब देना होगा।

इससे पहले पंजाब के मानसा जिले से भी ऐसा एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया था। युवक ने गर्भवती पत्नी की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। महिला आठ महीने की गर्भवती थी और उसके गर्भ में जुड़वां बच्चे पल रहे थे। इस वारदात में तीन जिंदगियां खत्म हो गईं। 

(रिपोर्ट- नचिकेत मेहता)

यह भी पढ़ें-

वडोदरा में निलेश वंजारा हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; 30 लाख रुपये और बंगला देने की मिली थी ‘सुपारी’

प्यार के लिए परिवार छोड़ा, पत्नी की बेरहमी से हत्या, सोनम सुनार की रहस्यमयी मौत से सनसनी

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted