Home » ગુજરાત » 14 हजार जवान, 4000 CCTV और AI सिस्टम तैयार… अहमदाबाद में गरबा का नया सुरक्षा मॉडल

14 हजार जवान, 4000 CCTV और AI सिस्टम तैयार… अहमदाबाद में गरबा का नया सुरक्षा मॉडल

अहमदाबाद: गुजरात के सबसे लोकप्रिय त्योहारों में से एक नवरात्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत अहमदाबाद में 14,000 से ज्यादा पुलिस और होमगार्ड जवानों को तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही 4,000 सीसीटीवी कैमरे और AI आधारित प्रणालियों की मदद ली जाएगी। नौ दिवसीय नवरात्र का त्योहार 11 से 19 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। शहर के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने बताया कि शहर में लगभग 84 कमर्शियल गरबा स्थलों को अनुमति मिलने का इंतजार है, जबकि लगभग 1,300 स्थानों पर नुक्कड़ गरबा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।

उन्होंने कहा, “सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगभग 4,000 कैमरों को सीसीटीवी कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। हम लोगों की आवाजाही वाले विशिष्ट स्थानों, पार्टी प्लॉट और गरबा स्थलों पर कैमरे लगा रहे हैं, ताकि निगरानी रखी जा सके।”

महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस का मास्टर प्लान

उन्होंने बताया कि पुलिस सब-इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर से लेकर असिस्टेंट कमिश्नर, डिप्टी कमिश्नर और सेक्टर स्तर के अधिकारियों समेत लगभग 500 वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में शहर भर में करीब 14,000 पुलिस और होमगार्ड जवानों को तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आयोजकों से अपने वेन्यू पर CCTV कैमरे लगाने के बारे में भी बात की है, जिसमें AI-आधारित कैमरे भी शामिल हैं जो लगातार लोगों की संख्या गिनते रहेंगे।

पुलिस कमिश्नर ने कहा, “हमारी ‘SHE टीम’ में लगभग 300 अधिकारी और महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। कुछ जवान पारंपरिक कपड़ों में और कुछ वर्दी में रहेंगे ताकि गरबा में शामिल होने वालों के बीच पुलिस की मौजूदगी दिखे।”

‘साइबर रक्षक’ सोशल मीडिया पर रखेगा नजर

शहर के पुलिस प्रमुख ने आगे बताया कि इसके अलावा, एक साइबर क्राइम टीम और ‘साइबर रक्षक’ नाम का एक स्क्वाड सोशल मीडिया पर नजर रखेगा ताकि ऐसे मामलों की पहचान की जा सके जहां गरबा में शामिल होने वाली महिलाओं की तस्वीरों या वीडियो का गलत इस्तेमाल किया जाता है या उन्हें आपत्तिजनक तरीके से अपलोड किया जाता है।

  • कार्यक्रम वाली जगहों पर ड्रग्स और शराब के सेवन को रोकने के लिए पुलिस ड्रग डिटेक्शन किट और ब्रेथ एनालाइजर का इस्तेमाल करेगी।
  • SOG टीम एंटी-नारकोटिक्स किट का इस्तेमाल करेगी, जिसमें ड्रग डिटेक्शन किट और ब्रेथ एनालाइजर शामिल हैं।
  • कानून तोड़ने वालों को पकड़ने के लिए कुछ जगहों पर चेकपॉइंट भी बनाए गए हैं।

उन्होंने नवरात्रि मनाने वालों से अपील की कि वे अपनी गाड़ियां तय जगहों पर ही पार्क करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।

(इनपुट- PTI)

यह भी पढ़ें-

गरबा-डांडिया पर VHP का मुस्लिम एंट्री को लेकर विरोध, बोली- आयोजनों में लव जिहाद को बढ़ावा देने आते हैं

गरबा में मुस्लिम युवाओं के शामिल होने को मुफ्ती मोहम्मद गुफरान ने बताया ‘हराम’, वीडियो जारी कर दी नसीहत

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted