Home » ગુજરાત » सूरत में 8 साल की बच्ची के साथ रेप करने वाला दरिंदा गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस; लंगड़ाते दिखा

सूरत में 8 साल की बच्ची के साथ रेप करने वाला दरिंदा गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस; लंगड़ाते दिखा

सूरत के सचिन जीआईडीसी क्षेत्र में आठ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घर में शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण बच्ची 21 अक्टूबर की सुबह घर के पास खुले स्थान पर शौच के लिए गई थी। इसी दौरान 35 वर्षीय आरोपी सर्वेस रामलखन निषाद ने कथित तौर पर बच्ची को पकड़कर झाड़ियों में खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

विरोध करने पर बच्ची को मारे थप्पड़ 

जानकारी के अनुसार, सचिन जीआईडीसी क्षेत्र की एक झुग्गी बस्ती में रहने वाली आठ वर्षीय बच्ची शौच के लिए घर के पास गई थी। वहां से लौटते समय आरोपी सर्वेस रामलखन निषाद ने उसका हाथ पकड़ लिया और जबरन सुनसान झाड़ियों में ले गया। बच्ची ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके गाल पर थप्पड़ मारे और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने बच्ची को धमकी दी कि यदि उसने अपनी मां को इस बारे में बताया तो वह उसे जान से मार देगा।

रोती हुई घर पहुंची बच्ची, मां को बताई आपबीती

घटना के बाद डरी-सहमी बच्ची रोते हुए घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर स्थित अपने घर पहुंची और अपनी मां को पूरी घटना बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्ची की मां ने तत्काल पुलिस इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 पर संपर्क किया। सूचना मिलते ही सचिन जीआईडीसी पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता के परिवार को आवश्यक सहायता प्रदान की और मामले की जांच शुरू कर दी।

CCTV फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपी गिरफ्तार

आरोपी की तलाश में पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी की और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की। इसके साथ ही स्थानीय मुखबिरों के नेटवर्क को भी सक्रिय किया गया। तकनीकी जांच और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तिरुमाला सोसायटी में बर्फ फैक्ट्री के पास स्थित जाकिर की चॉल से 35 वर्षीय सर्वेस रामलखन निषाद को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खानपुर गांव का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर किसी अन्य पुरुष के साथ रहने लगी थी और वह लंबे समय से यहां अकेला रह रहा था।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कराया क्राइम सीन रीक्रिएशन

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस उसे घटनास्थल पर लेकर पहुंची और क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया। पुलिस आरोपी को रस्सी से बांधकर घटनास्थल पर लाई थी। इस दौरान पंचों की मौजूदगी में घटनाक्रम को दोहराया गया। पुलिस ने आरोपी का भीड़ के बीच जुलूस भी निकाला। इस दौरान आरोपी लंगडाते हुए दिखा। पुलिस ने यह जानने का प्रयास किया कि आरोपी ने बच्ची को किस स्थान पर रोका, किस रास्ते से उसे झाड़ियों में ले गया, कथित अपराध को कैसे अंजाम दिया और घटना के बाद किस दिशा में फरार हुआ। पुलिस मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाने और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इससे पहले कच्छ में एक छात्रा के साथ रेप का मामला सामने आया था। पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में स्कूल के प्रधानाचार्य को गिरफ्तार किया था।

रिपोर्टः शैलेष चांपानेरिया, सूरत

ये भी पढ़ेंः हसबैंड ने गूगल पर सर्च किया- ‘अगर पत्नी आत्महत्या कर ले तो क्या पति जिम्मेदार?’; फिर कर दी प्रेग्नेंट वाइफ की हत्या

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted