Home » ગુજરાત » अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पकड़ी गई नशे की बड़ी खेप, 13 किलो हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ दो गिरफ्तार, बैंकॉक से जुड़ा एक्शन

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पकड़ी गई नशे की बड़ी खेप, 13 किलो हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ दो गिरफ्तार, बैंकॉक से जुड़ा एक्शन

गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मादक पदार्थों की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। अहमदाबाद में सीमा शुल्क विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने दो यात्रियों के पास से 13 किलोग्राम से अधिक हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 13 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में सूरत के रहने वाले एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है। दोनों बैंकॉक से फ्लाइट के जरिए अहमदाबाद पहुंचे थे।

 

आरोपियों की हुई पहचान

 

सीमा शुल्क विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, गिरफ्तार यात्रियों की पहचान मोहम्मद अकील शेख (31) और कनीज जहेरा मोमिन (29) के रूप में हुई है। दोनों बैंकॉक से थाई एयरवेज की उड़ान संख्या TG-343 से अहमदाबाद पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर नियमित जांच के दौरान एयर इंटेलिजेंस यूनिट के अधिकारियों को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद दोनों को रोककर पूछताछ की गई और उनके सामान की जांच की गई।

बैग के अंदर दिखाई दी गई संदिग्ध वस्तु 

 

अधिकारियों ने यात्रियों के ट्रॉली बैग की एक्स-रे स्कैनिंग कराई। इस दौरान बैग के अंदर एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। इसके बाद जब सामान की गहन तलाशी ली गई तो दोनों ट्रॉली बैग से पॉलीथिन में पैक किए गए 14 संदिग्ध पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों के अंदर हाइड्रोपोनिक गांजा होने की पुष्टि हुई। जब्त किए गए मादक पदार्थ का कुल वजन 13.012 किलोग्राम पाया गया।

पुलिस ने शुरू कई एंगल में जांच 

 

सीमा शुल्क विभाग ने दोनों यात्रियों को स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस तस्करी के पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा बैंकॉक से किसके कहने पर लाया गया था। इसे गुजरात में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले की जांच जारी है।

 

बता दें कि ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ एक उच्च गुणवत्ता और अधिक असरदार किस्म का गांजा होता है, जिसे मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर पानी में उगाया जाता है। (भाषा के इनपुट के साथ)

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted