Home » ગુજરાત » अहमदाबाद में पिता ने 10 साल के इकलौते बेटे की बलि दी, देवी की वेदी पर सिर पटककर मार डाला, फिर शव के पास ही सो गया

अहमदाबाद में पिता ने 10 साल के इकलौते बेटे की बलि दी, देवी की वेदी पर सिर पटककर मार डाला, फिर शव के पास ही सो गया

गुजरात के अहमदाबाद जिले के एक गांव से बेहद दुखद और दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपने 10 साल के बेटे का सिर घर में देवी की वेदी पर कथित तौर पर पटककर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव के पास ही चारपाई पर सो गया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

साणंद के विंछिया गांव में भयानक कांड

यह घटना रविवार रात साणंद तालुका के विंछिया गांव में हुई। साणंद पुलिस थाने के इंस्पेक्टर जयप्रकाश चौहान ने बताया कि आरोपी नरेश पटेल खेतिहर मजदूर है। पटेल की पत्नी भारतीबेन उसके साथ झगड़ा होने के बाद अपने मायके चली गई थी और उस समय आरोपी घर पर बेटे के साथ था। भारतीबेन की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी ने उनसे कहा कि उसने देवी की वेदी पर अपने इकलौते बेटे की बलि दे दी, ताकि उसके बाद परिवार में कोई भी व्यक्ति ‘भुवा’ (स्थानीय समुदाय और देवी-देवताओं के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाला पारंपरिक अनुष्ठानकर्ता) न बने।

देवी की वेदी पर पटककर बेटे की हत्या

चौहान ने बताया कि व्यक्ति ने घर में देवी की छोटी-सी वेदी पर अपने बेटे करण की हत्या कर दी और उसके शव के पास ही चारपाई पर सो गया। आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। करीब 10 दिन पहले पति से झगड़े के बाद बच्चे की मां अपने मायके चली गई थी। बेटे का स्कूल होने के कारण भारतीबेन उसे पति के पास छोड़कर मायके चली गई थी। लेकिन उसने कभी सोचा भी नहीं होगा कि बेटे को पिता के पास छोड़ने का फैसला इतनी बड़ी त्रासदी का कारण बन जाएगा।

पड़ोसी का फोन आने के बाद गांव पहुंची महिला

रविवार रात एक पड़ोसी ने फोन कर महिला को घटना की जानकारी दी। रात करीब साढ़े 9 बजे गांव पहुंचने पर उसने बेटे को खून से लथपथ हालत में चारपाई पर पड़ा पाया। उसके माथे पर चोट का निशान था।

पिता ने कहा- परिवार में कोई भी ‘भुवा’ न बने, इसलि बलि दी

FIR के अनुसार, नरेश पटेल भी उसी चारपाई पर लेटा हुआ था और उसके कपड़ों पर खून लगा था। महिला के अनुसार, जब उसने पति से बेटे की मौत के बारे में पूछा तो पटेल ने कहा कि उसके पिता देवी के ‘भुवा’ थे और उसने यह भूमिका उनसे संभाली थी। महिला ने आरोप लगाया कि पटेल ने कहा कि उसने अपने इकलौते बेटे की बलि इसलिए दी, ताकि उसके बाद परिवार में कोई भी ‘भुवा’ न बने।

बच्चे को पैरों से पकड़कर देवी की वेदी के सामने 2-3 बार पटका

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि नरेश पटेल ने बच्चे को पैरों से पकड़कर घर में देवी की वेदी के सामने 2 से 3 बार जमीन पर पटका और फिर डंडे से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

इससे पहले गुजरात के छोटा उदयपुर जिले में भी ऐसी ही एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई थी। नरबलि के संदिग्ध मामले में एक व्यक्ति ने 5 साल की बच्ची की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद उसका खून मंदिर की सीढ़ियों पर चढ़ा दिया था। 

(इनपुट- PTI)

यह भी पढ़ें-

हसबैंड ने गूगल पर सर्च किया- ‘अगर पत्नी आत्महत्या कर ले तो क्या पति जिम्मेदार?’; फिर कर दी प्रेग्नेंट वाइफ की हत्या

‘बचपन का दोस्त ही निकला हत्यारा’, कच्छ में चाय का दुकान पर बहस के बाद उतारा मौत के घाट

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted