Home » ગુજરાત » दिवाली की तैयारी के बीच आग का डरावना मंजर, एशियन पेंट्स का शोरूम धधक उठा; गोधरा का ये VIDEO वायरल

दिवाली की तैयारी के बीच आग का डरावना मंजर, एशियन पेंट्स का शोरूम धधक उठा; गोधरा का ये VIDEO वायरल

गुजरात के पंचमहल जिले के गोधरा में एक पेंट्स के शोरूम में भीषण आग लग गई। सापा रोड पर संगम सोसाइटी के पास एशियन पेंट्स के शोरूम में आग लगने की घटना सामने आई। शोरूम में ऑयल पेंट और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

पूरा शोरूम जलकर खाक

मिली जानकारी के अनुसार, गोधरा के सापा रोड पर संगम सोसाइटी के पास स्थित ‘श्रीनाथजी एंटरप्राइज’ नामक एशियन पेंट्स के शोरूम में आग लगी थी। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। शोरूम में ऑयल पेंट और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग फैलती गई। इस आग से पूरा शोरूम जलकर खाक हो गया। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण और शोरूम में हुए आर्थिक नुकसान का विवरण अभी सामने नहीं आया है।

आग शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से लगी, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। घटना की विस्तृत जानकारी मिलने के बाद नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

वास्को में कार एक्सेसरीज की दुकान में आग का तांडव

वहीं गोवा में भी आग का तांडव देखने को मिला। गोवा के वास्को में कार एक्सेसरीज की दुकान में भीषण आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने स्थिति का जायजा लिया और हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

जम्मू-कश्मीर के डोडा में नर्सरी में लगी आग

उधर, जम्मू-कश्मीर के डोडा में भी आग लगने की घटना सामने आई है। यहां नलवा में घाट रोड के पास वन विभाग की एक नर्सरी में आग लग गई। इसकी सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। हालांकि ये आग कैसे लगी, इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है।

(रिपोर्ट- दक्षेस शाह)

यह भी पढ़ें-

सूरत में दो सरकारी बसों के बीच हुई टक्कर, पलटकर एक में लगी भीषण आग; 8 लोगों की मौत और कई घायल

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted